DM Charchit Gond Launches GNSS Rover Paimaish Campaign Photo Video

मनोज कुमार वर्मा | सोनभद्र5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनपद में बुधवार से जीएनएसएस (GNSS) रोवर तकनीक आधारित विशेष पैमाइश अभियान शुरू हो गया। जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने ग्राम बभनौली कला में एक किसान के खेत पर पहुंचकर इसका शुभारंभ किया।

इस दौरान जिलाधिकारी पगडंडी के सहारे पैदल चलकर खेत तक पहुंचे और अपनी मौजूदगी में आधुनिक रोवर तकनीक से पैमाइश कार्य का आरंभ कराया।

जिलाधिकारी गोंड ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जीएनएसएस रोवर तकनीक से खेतों, चकमार्गों और राजस्व अभिलेखों की सटीक पैमाइश होगी, जिससे सीमांकन संबंधी विवाद कम होंगे और किसानों को पारदर्शी तरीके से न्याय मिल सकेगा।

यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक पूरे जनपद में संचालित किया जाएगा। प्रत्येक तहसील में गठित रोवर टीम प्रतिदिन पांच गांवों में पैमाइश करेगी, जिसकी फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा दैनिक प्रगति का नियमित अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को समयबद्ध और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने जोर दिया कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और आधुनिक तकनीक से राजस्व कार्यों में गति तथा विश्वसनीयता दोनों बढ़ेंगी।

अभियान के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी का पगडंडी के रास्ते पैदल चलकर खेत तक पहुंचना ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। ग्रामीणों ने इसे प्रशासन की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यशैली का परिचायक बताया।

किसानों ने जिलाधिकारी की सादगी, जमीनी जुड़ाव और समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीरता की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अभियान से वर्षों से लंबित पैमाइश और सीमांकन संबंधी विवादों का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *