शाहजहांपुर के कंपोजिट विद्यालय में भरा बरसात का पानी:कक्षाओं में पानी घुसने से करनी पड़ी छुट्टी, बच्चों को सुरक्षित निकाला


शाहजहांपुर में बुधवार सुबह करीब दस बजे बारिश के कारण मिर्जापुर ब्लॉक स्थित अदयपुर भूड़ा कंपोजिट विद्यालय में पानी भर गया। कक्षाओं के अंदर तक पानी पहुंचने से बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिसके बाद स्कूल की छुट्टी करनी पड़ी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुबह करीब दस बजे जब बच्चे स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे और मध्याह्न भोजन (MDM) बनाया जा रहा था, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। धीरे-धीरे बरसात का पानी स्कूल परिसर और फिर कक्षाओं के अंदर तक पहुंच गया। स्टाफ ने बच्चों को एमडीएम खिलाया और जब तक संभव था, पढ़ाई जारी रखी। हालांकि, पानी का स्तर लगातार बढ़ने और कक्षाओं में बाढ़ जैसी स्थिति बनने के बाद स्टाफ ने बच्चों को स्कूल से बाहर निकालना शुरू किया। पढ़ाई की स्थिति न रहने पर शिक्षकों ने बच्चों की छुट्टी कर दी और तत्काल विभागीय अधिकारियों को घटना की सूचना दी। इंचार्ज प्रधानाध्यापक अनुराग अग्रवाल ने बताया कि पानी भरने के कारण बच्चों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि विद्यालय का निर्माण वर्ष 1982 में गांव के बाहरी क्षेत्र में हुआ था। लेकिन अब गांव में तेजी से आवास, कॉलोनियां और पक्की सड़कें बनने के कारण स्कूल का स्तर सड़क से नीचे आ गया है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *