![]()
बिजनौर के रामलीला चौक के पास सोमवार रात ड्यूटी पर तैनात एक यातायात सिपाही पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों ने रोकने पर सिपाही के सिर पर पत्थर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सिपाही को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे चांदपुर तिराहे के पास हुई। घायल सिपाही की पहचान सौरभ कुमार, निवासी बुलंदशहर, के रूप में हुई है। वह यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ बाइक सवार युवक शराब के नशे में सड़क पर हंगामा कर रहे थे। सिपाही सौरभ कुमार ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और अन्य यातायात पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही को तत्काल सरकारी जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि सिपाही को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उनके सिर में गहरी चोट आई है, जहां आठ से अधिक टांके लगाए गए हैं। स्थिति को देखते हुए उनका सीटी स्कैन भी कराया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी अभय पांडे ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार बाइक सवार हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
Source link
बिजनौर में ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही पर हमला:बाइक सवारों ने सिर पर मारा पत्थर, हालत गंभीर; आरोपी फरार