![]()
लखनऊ में सोमवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की बैठक हुई। सिंचाई विभाग के चौधरी चरण सिंह सभागार में द्विवार्षिक चुनाव के बाद पहली प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। संघ के प्रदेश अध्यक्ष बसंत लाल ने कहा कि करीब 18 महीने पहले विभागीय मंत्री ने कर्मचारियों की तीन प्रमुख मांगों को तीन माह के भीतर पूरा कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बावजूद शासन स्तर पर एक भी मांग पूरी नहीं की गई। इससे प्रदेशभर के सफाई कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन एक बार फिर सरकार से वार्ता का प्रयास करेगा। इसके तहत जल्द ही मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री और मुख्य सचिव से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को रखा जाएगा। पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार को अंतिम अवसर दिया जा रहा है ताकि बातचीत के माध्यम से समाधान निकल सके। प्रदेश अध्यक्ष बसंत लाल ने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सफाई कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए उग्र धरना-प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। बैठक में संगठन की आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई और सभी जिला इकाइयों से आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया गया।
Source link
लखनऊ में पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की बैठक:प्रदेश अध्यक्ष बोले-18 महीने बाद भी नहीं पूरी हुई मांगें, सफाई कर्मचारियों ने महाआंदोलन की चेतावनी दी