![]()
हापुड़ में गढ़ कोतवाली इलाके के दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सरुरपुर गांव के पास सोमवार शाम एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिजनौर निवासी 30 वर्षीय मोहसिन (पुत्र महबूब) के रूप में हुई है। बताया गया कि मोहसिन सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे बस से उतरकर सरुरपुर गांव के पास खड़ा था। वह अपने घर से गाज़ियाबाद के लिए चला था। इसी दौरान पीछे से आई एक कार से चार युवक उतरे और उन्होंने मोहसिन पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर उसे गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। मेरठ मेडिकल कॉलेज किया गया था रेफर राहगीरों की सूचना पर गढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मोहसिन को तत्काल गढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लगभग 7 बजे मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मोहसिन की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि सरुरपुर के पास एक युवक के साथ मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। उन्होंने पुष्टि की कि घायल को अस्पताल भिजवाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर युवक की पीट-पीटकर हत्या:बिजनौर का रहने वाला था, पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही