![]()
उन्नाव में सरैयां से बैराज मार्ग के बीच बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य तेज हो गया है। रेलवे ने विशेष क्रेन की मदद से दो और गर्डर सफलतापूर्वक स्थापित किए हैं। अधिकारियों को जुलाई तक सड़क का डामरीकरण पूरा होने की उम्मीद है। गर्डर स्थापित करने का कार्य दूसरे दिन भी जारी रहा। सुरक्षा कारणों से मरहला से सरैयां मार्ग को अस्थायी रूप से बंद किया गया था, जिसे कार्य पूरा होने के बाद शाम को दोबारा खोल दिया गया। इससे वाहन चालकों को राहत मिली। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आरओबी पर सड़क डामरीकरण का कार्य जुलाई माह तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। गौरतलब है कि रेलवे ने पिछले माह रेलवे ट्रैक के ऊपर गर्डर रखने का कार्य शुरू किया था। इस कार्य के लिए अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर तीन से चार दिनों का ब्लॉक लिया गया था, जिसे रेलवे अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षित तरीके से पूरा किया गया था।
अब बैराज मार्ग की ओर नॉन-ट्रैक स्पैन लगाने का कार्य किया जा रहा है। बीते दिन डिप्टी चीफ इंजीनियर आशीष कुमार वर्मा ने मौके पर निरीक्षण किया था। गर्डर लगाने के लिए दिल्ली से मंगाई गई विशेष क्रेन का उपयोग किया जा रहा है। कुल आठ स्पैन लगाए जाने हैं, जिनमें से चार गर्डर तय समय के अनुसार स्थापित कर दिए गए हैं। एक गर्डर की लंबाई लगभग 43 मीटर है। एक्सईएन रेलवे अनिल कुमार ने यह जानकारी दी।
Source link