![]()
सोनभद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने शनिवार को रामलीला मैदान में हिंदू साम्राज्य स्थापना दिवस उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर प्रांत संघ चालक अंगराज, जिला संघ चालक हर्ष अग्रवाल और नगर संघ चालक संगम मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और श्री गुरुजी (माधव सदाशिव गोलवलकर) के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद एकल गीत और अमृत वचन प्रस्तुत किए गए। प्रांत संघ चालक अंगराज ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू साम्राज्य दिवस केवल एक ऐतिहासिक उत्सव नहीं, बल्कि स्वराज्य, आत्मगौरव, संगठन और राष्ट्रचेतना का प्रेरणादायी पर्व है। उन्होंने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक भारतीय इतिहास की एक गौरवशाली घटना है, जिसने समाज में आत्मविश्वास का संचार किया और हिंदवी स्वराज्य की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। अंगराज ने आगे कहा कि शिवाजी महाराज ने अपने अद्वितीय पराक्रम, कुशल नेतृत्व, सुशासन, संगठन क्षमता और दूरदर्शी नीतियों के बल पर राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा की। उन्होंने महिलाओं के सम्मान, न्यायपूर्ण शासन, अनुशासित सेना और सुदृढ़ प्रशासन की नीति अपनाई, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानें। साथ ही, समाज में संगठन, समरसता, सेवा और राष्ट्रीय चेतना के कार्यों को गति दें। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष में अधिकाधिक लोगों को राष्ट्र निर्माण के इस अभियान से जोड़ने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला कार्यवाह दिनेश ने किया और इसका समापन संघ की प्रार्थना के साथ हुआ। इस अवसर पर सह नगर संघ चालक संतोष, विभाग के रामलगन, अवध, नीरज, जिला व्यवस्था प्रमुख कीर्तन, जिला प्रचार प्रमुख नीरज, नगर कार्यवाह विश्वनाथ सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Source link
सोनभद्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया:हिंदू साम्राज्य स्थापना दिवस उत्सव, प्रांत संघ चालक अंगराज रहे उपस्थित