'राम' सबके हैं, फिर भाजपा सरकार की दोहरी नीति क्यों?:केजरीवाल के VVIP स्वागत पर भड़के कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय


अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन को लेकर अब सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बहाने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। अजय राय ने सोशल मीडिया पर दो तस्वीरें जारी कर पूछा है कि आस्था के केंद्र पर यह वीआईपी भेदभाव और दोहरी राजनीति क्यों की जा रही है? दो तस्वीरें, दो अलग व्यवस्थाएं: अजय राय का आरोप कांग्रेस अध्यक्ष ने जो दो तस्वीरें शेयर की हैं, उनमें से एक दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की है और दूसरी खुद अजय राय की। दोनों ही नेता अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन दोनों के साथ हुए व्यवहार में जमीन-आसमान का अंतर था। अरविंद केजरीवाल को VVIP सुविधा मिली शुक्रवार को जब अरविंद केजरीवाल अपने साथियों के साथ रामलला के दर्शन करने पहुंचे, तो उनका जोरदार स्वागत हुआ। मंदिर के भीतर रामलला के ठीक सामने केजरीवाल और उनके नेताओं की पूजन-अर्चन करते हुए बकायदा तस्वीरें खींची गईं, जिन्हें बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया गया। अजय राय के साथ सामान्य श्रद्धालुओं जैसा व्यवहार इससे कुछ समय पहले जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपनी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ दर्शन करने गए थे, तब उन्हें सामान्य लोगों की तरह ट्रीट किया गया। मंदिर के अंदर कैमरा या मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं थी। दर्शन के बाद उनकी जो तस्वीर सामने आई, वह मंदिर परिसर के बाहर की थी। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है?’; अजय राय ने उठाए सवाल अजय राय ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर सीधे भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा: “अयोध्या श्रीराम मंदिर में अरविंद केजरीवाल के लिए कैमरे और विशेष छूट, लेकिन कांग्रेस के नेताओं और आम श्रद्धालुओं के लिए कड़े नियम? कुछ दिन पहले जब मैंने दर्शन किए, तब व्यवस्था अलग थी।” उन्होंने आगे तंज कसते हुए भाजपा से पूछा कि राजनीतिक सुविधा देखकर नियम बदलने वाली सरकार आखिर यह बताए कि “ये रिश्ता क्या कहलाता है”? आस्था के केंद्र पर इस तरह का वीआईपी भेदभाव और दोहरी राजनीति बेहद निंदनीय है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *