अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत:लखनऊ-पलिया राजमार्ग पर हादसा, पति और पुत्र घायल


हरदोई में एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र घायल हो गए। यह घटना लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर कछौना कस्बे के पास शुक्रवार देर शाम हुई। डॉक्टर ने महिला को रात 8:40 बजे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सुरसा थाना क्षेत्र के पछकोहरा गांव निवासी 35 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है। वह अपने पति कमलेश (राजमिस्त्री) और 6 वर्षीय पुत्र शुभम के साथ कासिमपुर थाना क्षेत्र के घुघेरा गांव स्थित अपने मायके से ताजिया देखकर वापस लौट रही थीं। कमलेश ने बताया कि गुरुवार को गुड्डी ने अपने मायके में ताजिया देखने की इच्छा जताई थी। शुक्रवार शाम को तीनों बाइक से पछकोहरा के लिए निकले थे। देर शाम कछौना कस्बे के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गुड्डी सड़क पर सिर के बल गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। कमलेश और शुभम को मामूली खरोंचें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद गुड्डी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुड्डी के परिवार में उनके पति के अलावा तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि चूंकि यह हादसा दूसरे थाना क्षेत्र में हुआ है, इसलिए शव का पंचनामा भरवाया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *