![]()
शाहजहांपुर में एक ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय कैमिकल इंजीनियर सौरव तिवारी की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार सुबह हुई, जिसके बाद घायल सौरव को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां शाम को उनकी मृत्यु हो गई। सौरव मूल रूप से लखीमपुर के रहने वाले थे और गुजरात में नौकरी करते थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 3:30 बजे जीआरपी को सूचना मिली कि रोजा जंक्शन के आगे गेट संख्या 316 और खंबा नंबर 1229 के पास आनंद विहार से लखनऊ जा रही मेला स्पेशल रनथ्रू ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। प्रथम दृष्टया यह ट्रेन से गिरने का मामला प्रतीत हो रहा था, जिसमें युवक का एक हाथ कट गया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। युवक बोल पाने की स्थिति में नही था। इलाज के दौरान गुरुवार रात को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। देर रात शव की पहचान लखीमपुर जिले के रहने वाले 25 वर्षीय सौरव तिवारी उर्फ हिमांशु के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि सौरव तिवारी गुजरात में एक निजी कंपनी में कैमिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। सौरव के परिवार के सदस्य देर रात शाहजहांपुर पहुंचे और थाने में संबंधित कागजी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि इलाज के दौरान एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृतक के परिवार के लोग देर रात आ गए थे।
Source link
ट्रेन की चपेट में आने से केमिकल इंजीनियर की मौत:लखीमपुर का रहने वाला था, गुजरात में करता था नौकरी