आज सीएम योगी देवरिया को देंगे 456.38 करोड़ की सौगात:106 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को देवरिया को 456.38 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री बरहज विधानसभा क्षेत्र के नेतवार गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में कुल 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पुल, बाढ़ एवं कटान निरोधक कार्य, शिक्षा, नगर विकास और ग्रामीण आधारभूत ढांचे से संबंधित कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। यह कार्यक्रम बरहज क्षेत्र के बरांव चौराहे के समीप आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10:30 बजे गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर से प्रस्थान करेंगे। वे शुक्रवार सुबह 10:55 बजे बरहज तहसील क्षेत्र के बरांव स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद सीधे कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। जानिए सीएम योगी का कार्यक्रम मुख्यमंत्री सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक बरांव में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे रुद्रपुर और बरहज विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद, मुख्यमंत्री दोपहर 12:00 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर 12:05 बजे हेलीपैड पहुंचेंगे और 12:10 बजे गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। कुल 106 परियोजनाओं में से, मुख्यमंत्री 64.94 करोड़ रुपये की लागत वाली 25 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वहीं, 391.44 करोड़ रुपये की लागत वाली 81 परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं। लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाएं मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें बाढ़ एवं कटान निरोधक कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। सरयू नदी के बाएं तट पर छितूपुर-भागलपुर तटबंध के 0.191 से 0.820 किलोमीटर के बीच 10.90 करोड़ रुपये की लागत से किया गया कटान निरोधक कार्य जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा बरहज तहसील क्षेत्र में राप्ती नदी के बाएं तट पर कपरवार-बिनटोलिया ग्राम समूह की सुरक्षा हेतु 4.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कटान निरोधक परियोजना का भी लोकार्पण होगा। शिक्षा क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में निर्मित अकादमिक ब्लॉक एवं छात्रावास भवनों को भी जनता को समर्पित किया जाएगा। वहीं रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के नवगांव छपरा तटबंध के सुदृढ़ीकरण हेतु 6.85 करोड़ रुपये की परियोजना भी लोकार्पित की जाएगी। शिलान्यास होने वाली बड़ी परियोजनाएं कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 391.44 करोड़ रुपये की लागत से 81 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें सबसे महत्वपूर्ण परियोजना बरहज विकास खंड के भदिला अव्वल गांव में प्रस्तावित 31.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला पुल है। इसके साथ ही सोनूघाट-बरहज मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 172.26 करोड़ रुपये की विशाल परियोजना का शिलान्यास होगा। यह सड़क क्षेत्रीय आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी। नौरंगिया हाटा-गौरीबाजार-रुद्रपुर मार्ग के 16 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण हेतु 66.38 करोड़ रुपये की योजना भी शामिल है। इसके अलावा इंदुपुर-लवकनी मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य भी प्रस्तावित है। बाढ़ एवं कटान नियंत्रण को लेकर बड़ी पहल कार्यक्रम में बाढ़ एवं कटान नियंत्रण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का भी शिलान्यास किया जाएगा। इनमें भागलपुर कस्बे की सुरक्षा हेतु 6.80 करोड़ रुपये की परियोजना, केवटलिया-मेहन तटबंध पर 4.05 करोड़ रुपये की योजना तथा छितूपुर-भागलपुर तटबंध पर 5.85 करोड़ रुपये की नई कटान निरोधक परियोजना शामिल है। इन परियोजनाओं से बरसात के मौसम में होने वाले नुकसान को कम करने और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। शहरी विकास एवं अन्य परियोजनाएं मुख्यमंत्री द्वारा रुद्रपुर नगर पंचायत में बारात घर निर्माण तथा एनएसएस प्रशिक्षण केंद्र भवन के पुनर्निर्माण जैसी योजनाओं की भी आधारशिला रखी जाएगी। इन योजनाओं से शहरी और शैक्षणिक ढांचे को मजबूती मिलेगी। प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजीत आर. शंकर ने बुधवार को नेतवार स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और हेलीपैड निर्माण कार्य का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर जर्मन हैंगर पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी भी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सड़क सुधार और व्यवस्थाएं तेज मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने रुद्रपुर-बरहज मार्ग पर बरांव चौराहे के आसपास सड़क मरम्मत का कार्य तेज कर दिया है। मदनपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिया पर स्लैब डालने और एप्रोच मार्ग तैयार करने का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है। 11 स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था कार्यक्रम में आने वाले लोगों और वीआईपी अतिथियों के लिए कुल 11 स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। वीआईपी वाहनों के लिए हनुमान विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर और बरांव स्थित ब्रह्मस्थान के पास व्यवस्था की गई है। आम लोगों के वाहनों के लिए मदनपुर, बरांव, खुदिया बुजुर्ग मार्ग, बहसुआ सहकारी समिति के पास, कोल्हुआ मोड़, नेतवार बगीचा, बंद ईंट भट्ठा मोड़ तथा हरनही पुल के पास अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है, जिसमें बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़े कदम उठाए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *