![]()
राजधानी लखनऊ के विकास भवन में नशा मुक्त समाज के निर्माण और महिलाओं-बालिकाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार ‘नशा मुक्ति भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान’ के तहत हब (हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन) की टीम ने अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधा डालता है। इसलिए इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाना अत्यंत आवश्यक है। योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा बालिकाओं और महिलाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), स्पॉन्सरशिप योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं के लाभ, पात्रता मानदंड और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही महिला कल्याण विभाग की जेंडर स्पेशलिस्ट (एचईडब्ल्यू) वंदना द्विवेदी ने बताया कि सरकार महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से कमजोर वर्गों को सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचे। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं ने योजनाओं से संबंधित प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। लोगों ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्त समाज और महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Source link
लखनऊ में नशा मुक्ति की शपथ:महिलाओं-बालिकाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई