![]()
लखनऊ में महिला उद्यमिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से FICCI FLO लखनऊ चैप्टर ने ‘FLO SheRises 2026’ के चौथे संस्करण का शुभारंभ किया है। होटल क्लार्क अवध में आयोजित यह तीन दिवसीय एंटरप्रेन्योरशिप बूट कैंप 25 से 27 जून तक चलेगा। इसका मुख्य लक्ष्य महिला उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, नेतृत्व विकास और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़कर नई संभावनाओं के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन FICCI FLO की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा गर्ग और राष्ट्रीय स्टार्टअप प्रमुख प्रिया गौतम ने किया। इस अवसर पर पूजा गर्ग ने कहा कि महिला उद्यमी आज देश की अर्थव्यवस्था में बदलाव की मजबूत शक्ति बनकर उभर रही हैं। उन्होंने नवाचार, नेतृत्व और रोजगार सृजन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका की सराहना करते हुए ऐसे मंचों की आवश्यकता पर जोर दिया। नेतृत्व कौशल से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी FICCI FLO लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी के नेतृत्व में आयोजित इस पहल को MeitY Startup Hub और Start In UP का सहयोग प्राप्त है। बूट कैंप में महिलाओं को व्यावसायिक रणनीति, वित्तीय प्रबंधन, ब्रांड निर्माण, फंडिंग, स्केलिंग और नेतृत्व कौशल से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि महिला उद्यमियों को एक मजबूत नेटवर्क और दीर्घकालिक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराना है। इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक महिला उद्यमियों ने आवेदन किया था। कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद 33 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को ऑफलाइन बूट कैंप के लिए चुना गया। यह कार्यक्रम क्षेत्र में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले सबसे प्रभावशाली प्लेटफॉर्म्स में से एक माना जा रहा है। शीर्ष 10 महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा कार्यक्रम को दो चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में गहन प्रशिक्षण और कार्यशालाएं होंगी, जबकि दूसरे चरण के लिए शीर्ष 10 महिला उद्यमियों का चयन किया जाएगा। इन चयनित उद्यमियों को उद्योग विशेषज्ञों और व्यावसायिक नेताओं से विशेष वन-टू-वन मेंटरशिप मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान अद्वैत कुर्लेकर,सीए प्राची जैन, नीतू बंसल,प्राजक्त राउत, टीना मनसुखानी गर्ग और विवेक वर्मा जैसे विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं, इन्वेस्ट यूपी के इन्वेस्ट लीड रवि पांडे ने राज्य सरकार की स्टार्टअप और उद्यमिता योजनाओं की जानकारी साझा की।
Source link
महिला उद्यमियों को मिलेगी नई उड़ान:लखनऊ में शुरू हुआ FLO SheRises 2026 बूट कैंप