संभल में पारा 41 डिग्री, AQI 170:उमस भरी गर्मी से लोग परेशान, मानसून में देरी


संभल में तेज धूप के साथ बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने शाम तक हल्की बारिश की संभावना जताई है। सुबह का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 170 पर पहुंच गया है। गर्म हवाएं 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। गुरुवार सुबह 9 बजे संभल का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार के मुकाबले इसमें एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, रात में हवाओं की रफ्तार तेज होने से तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। पिछले 15 दिनों से जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जून महीने की शुरुआत हालांकि सुहावने मौसम के साथ हुई थी और अब तक 28 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई है। ‘नौतपा’ का कोई खास असर नहीं दिखा और पिछले 15 दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे उमस भरी गर्मी महसूस हो रही है। बीते मंगलवार शाम को 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दो बार आंधी आने के बाद मौसम में बदलाव आया था, लेकिन बुधवार को फिर तेज धूप के साथ गर्मी लौट आई।
मानसून की दस्तक में अभी तीन-चार दिन की देरी है, जिसके कारण लोगों को लगातार गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सचिन कुमार ने बताया कि पिछले 15 दिनों से लोग गर्मी से जूझ रहे हैं। दोपहर में दुकानों या घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि अब तक बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन मानसून में देरी हुई है। सुबह और शाम को बाजारों में रौनक रहती है, लेकिन दोपहर में सन्नाटा पसरा रहता है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *