![]()
मुजफ्फरनगर में हिंदू बहुल दक्षिणी कृष्णापुरी मोहल्ले में मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति को मकान बेचे जाने के विरोध में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे कलेक्ट्रेट में जोरदार हंगामा और प्रदर्शन हुआ। बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व वार्ड सभासद राजू ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि खालापार थाना क्षेत्र स्थित दक्षिणी कृष्णापुरी कॉलोनी के दो सगे भाइयों अर्पित जैन और अंकित जैन ने अपना मकान मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति को बेच दिया है। उनका कहना है कि पूरी कॉलोनी हिंदू बहुल है और इस बिक्री से क्षेत्र का सामाजिक संतुलन और माहौल प्रभावित होने की आशंका है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस मामले का पहले भी मोहल्ले में विरोध किया गया था। हिंदू संघर्ष समिति ने बैठक कर इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन इसके बावजूद मकान की बिक्री कर दी गई। अब स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर बैनामे की जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि संबंधित मकान मालिकों के यहां कथित तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का आना-जाना रहता है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि उन्होंने पहले भी इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। प्रदर्शन के बाद लोगों ने नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा और मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखा जाए तथा विवादित मकान के बैनामे पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
Source link
हिंदू बस्ती में मुस्लिम को मकान बेचने पर फूटा गुस्सा:कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर नारेबाजी, डीएम से बैनामा रद्द करने की मांग