![]()
बदायूं के बिसौली सर्किल क्षेत्र में एक ही रात में बाइक सवार बदमाशों ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट की वारदातों को अंजाम दिया। इन घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने तमंचे के बल पर परिवारों को डराया और महिलाओं के जेवर, मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पहली वारदात फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी के पास हुई। संभल जिले के थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव बलकरनपुर निवासी राजकुमार अपनी पत्नी चंद्रकाली और पुत्रवधू प्रियंका के साथ दूनपुर फकावली में लगे मेले में नाती कौशल का मुंडन संस्कार कराने गए थे। बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे यह परिवार बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि सीकरी के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली। एक बदमाश ने तमंचा निकालकर राजकुमार की कनपटी पर लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने महिलाओं के साथ मारपीट की और पुत्रवधू प्रियंका के गले से सोने की लड़, कुंडल तथा पर्स में रखे करीब ढाई हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। वहीं, दूसरी घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर शाह और रतनपुर कोठी के बीच हुई। गांव निजामुद्दीनपुर शाह निवासी नेत्रपाल अपनी मां मोहनदेवी और पत्नी के साथ बाइक से दुंदपुर जात लगाने जा रहे थे। रात करीब 9:45 बजे पीछे से आई बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। बदमाशों ने नेत्रपाल की पत्नी की चांदी की पाजेब, सोने का ओम, मां की गिलट की पायल, मोबाइल फोन, पर्स, 360 रुपये नकद और बाइक की चाबी लूट ली। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। एक ही सर्किल में कुछ घंटों के अंतराल पर हुईं इन दोनों लूट की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित थानों की पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
Source link
बदायूं में एक रात में लूट की दो वारदात:टक्कर मारकर बाइक से गिराया, तमंचा दिखाकर महिलाओं से जेवर-कैश लूटे