![]()
सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र की मीतापुर ग्राम पंचायत में बुधवार सुबह सोन नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। परिवार की महिलाओं के साथ नदी में नहाने गए दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए। बच्चों को बचाने के लिए नदी में उतरा एक युवक भी लापता बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, बोल बम केवट (16) पुत्र लोधी केवट और दीपक केवट (10) पुत्र भगवान दास केवट परिवार की महिलाओं के साथ सोन नदी में ‘चौथी छुड़ाने’ की रस्म के दौरान स्नान करने गए थे। नहाते समय अचानक दोनों बच्चों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। साथ मौजूद महिलाओं ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों देखते ही देखते नदी में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चों को बचाने के लिए संदीप (18) पुत्र रविंद्र कुमार भी नदी में उतरा था, जिसके बाद वह भी लापता हो गया। हालांकि, प्रशासन की ओर से संदीप के डूबने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूचना मिलने पर एसडीएम ओबरा, क्षेत्राधिकारी हर्ष पाण्डेय तथा चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने एसडीआरएफ को भी सूचना दे दी है। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक दोनों बच्चों और लापता युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था और रेस्क्यू अभियान जारी था। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि नदी में अवैध खनन के कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे सोन नदी खतरनाक होती जा रही है। उनका कहना है कि इसी वजह से समय-समय पर डूबने की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और खतरनाक स्थानों को चिन्हित करने की मांग की है।
Source link
सोनभद्र में सोन नदी में नहाने गए दो बच्चे डूबे:बचाने उतरा युवक भी लापता, तलाश में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ