शूटर जसपाल राणा का त्रयोदशी संस्कार:रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, बेटे-बहू के साथ हुए शामिल, तस्वीर पर माला देख पत्नी हुईं भावुक


भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले जसपाल राणा की तेरहवीं और श्रद्धांजलि सभा बुधवार को देहरादून में आयोजित की गई। मसूरी रोड स्थित राणा शूटिंग रेंज में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नोएडा विधायक पंकज सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट समेत खेल, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां शामिल हुईं। श्रद्धांजलि सभा के दौरान कई भावुक पल भी देखने को मिले। जसपाल राणा की तस्वीर पर सजी माला देखकर उनकी पत्नी की आंखें नम हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी भावुक नजर आए। इस दौरान मौजूद रिश्तेदार, खिलाड़ी और शुभचिंतक उन्हें ढांढस बंधाते रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष विमान से देहरादून पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राजनाथ सिंह सीधे श्रद्धांजलि स्थल पहुंचे और जसपाल राणा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
ब्रजेश पाठक बोले- खेल जगत का चमकता सितारा चला गया उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि जसपाल राणा बेहद लोकप्रिय व्यक्तित्व थे। खेल जगत में उनकी पहचान सिर्फ देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में थी। उन्होंने कहा कि राणा युवाओं के प्रेरणास्रोत थे और सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनका असमय निधन खेल जगत और समाज के लिए बड़ी क्षति है। श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे ब्रजेश पाठक ने नोएडा विधायक पंकज सिंह से मुलाकात कर उन्हें गले लगाकर सांत्वना भी दी। पंकज सिंह बोले- भाई और मित्र जैसा था रिश्ता नोएडा विधायक पंकज सिंह ने जसपाल राणा को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा खुश और सकारात्मक रहने वाले इंसान थे। उनका रिश्ता सिर्फ पारिवारिक नहीं बल्कि भाई और मित्र जैसा था। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य के रूप में वे उन्हें हमेशा याद करेंगे और देश-दुनिया में उन्हें चाहने वाले लोगों के दिलों में जसपाल राणा हमेशा जिंदा रहेंगे। देशभर से पहुंचे खिलाड़ी और शुभचिंतक जसपाल राणा के त्रयोदशी संस्कार में दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों से शूटिंग खिलाड़ी, कोच और खेल जगत से जुड़े लोग पहुंचे। बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि स्थल पर सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा। 12 जून को हुआ था निधन जसपाल राणा का 12 जून को निधन हो गया था। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को कई पदक दिलाने वाले राणा ने खिलाड़ी के साथ-साथ कोच के रूप में भी भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। खेल जगत में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

श्रद्धांजलि सभा से जुड़े हर अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *