![]()
बागपत में मंगलवार शाम गन्ने के खेत से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला बिनौली थाना क्षेत्र के बिजवाड़ा गांव का है। ग्रामीणों ने खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव लहूलुहान अवस्था में था और उसके शरीर, विशेषकर चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। प्रारंभिक जांच में हत्या कर शव को खेत में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुकन्या शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए सुरक्षित किए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
बागपत में गन्ने के खेत से मिला लहूलुहान शव:शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका; जांच जारी