कन्नौज में ऊर्जा मंत्री ने सोलर प्लांट का निरीक्षण किया:अखिलेश यादव के बिजली व्यवस्था पर बयान के बाद पहुंचे फकीरेपुरवा, चलता मिला प्लांट


कन्नौज में ऊर्जा मंत्री ने फकीरेपुरवा गांव पहुंच कर सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। यहां प्लांट चालू मिला, जिससे गांव के सभी घरों में बिजली की आपूर्ति होती मिली। इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने सपा प्रमुख के बयान पर कटाक्ष किया। दरअसल एक दिन पहले कन्नौज पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि जिले के एक विधायक को जब से ऊर्जा मंत्री बनाया गया, तब से बिजली व्यवस्था चौपट है। इन्दरगढ़ क्षेत्र के फकीरेपुरवा गांव में सोलर प्लांट ठप पड़ा है, जहां ग्रामीण अंधेरे में हैं। सपा प्रमुख के इस बयान के सुर्खियों में आते ही तिर्वा विधायक व ऊर्जा मंत्री कैलाश राजपूत फकीरेपुरवा गांव पहुंच गए। जहां उन्होंने प्लांट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पाया कि गांव के सभी घरों तक इसी सोलर प्लांट के माध्यम से नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जा रही है। निरीक्षण के बाद ऊर्जा मंत्री ने मीडिया से बात की और कहा कि जिले में बिजली व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को उनके कार्यकर्ताओं ने गलत जानकारी दी है। बयान देने की पहले उन्हें किसी को फकीरेपुरवा गांव भेजकर सही जानकारी करवा लेनी चाहिए थी। ताकि उन्हें पता चल पाता कि गांव में सोलर प्लांट पूरी तरह से काम कर रहा है। गांव के सभी घरों में बिजली आ रही और यहां 3 आटा चक्कियां भी सोलर प्लांट से चल रहीं हैं। पूर्व राष्ट्रपति ने किया था उद्घाटन- यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान फकीरेपुरवा गांव में सोलर प्लांट लगाया गया था। जिसका उद्धघाटन 7 जुलाई 2015 में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था। तब से इस सोलर प्लांट से पूरे गांव में बिजली आपूर्ति की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *