आगरा में 90 हजार में भ्रूण लिंग जांच का सौदा:डमी गर्भवती को लेकर पहुंची सोनीपत टीम ने मारा छापा, पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड जब्त, 6 हिरासत में


मलपुरा क्षेत्र के इटौरा में बिना पंजीकरण चल रहे एक अस्पताल में भ्रूण लिंग परीक्षण किए जाने का मामला सामने आया है। सोनीपत (हरियाणा) की पीसीपीएनडीटी टीम ने सोमवार को डमी गर्भवती के जरिए स्टिंग ऑपरेशन कर संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में छापा मारा। टीम ने अस्पताल संचालक समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया है। मौके से चीन निर्मित पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और जांच में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। 90 हजार रुपए में तय हुआ था परीक्षण हरियाणा स्वास्थ्य विभाग और एसटीएफ ने पिछले दिनों भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाले एक गिरोह को पकड़ा था। पूछताछ में इसके तार आगरा से जुड़े होने के साक्ष्य मिले। इसके बाद सोनीपत की पीसीपीएनडीटी टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने एक महिला को डिकाय बनाकर एजेंट से संपर्क कराया। गर्भ में पल रहे बच्चे का लिंग पता करने के लिए 90 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसमें 40 हजार रुपए दलाल को एडवांस दिए गए। कई घंटे टीम को अलग-अलग जगह घुमाते रहे सोमवार को एजेंट और जांच करने वाले लोग टीम को लगातार गुमराह करते रहे। कई जगह ले जाने के बाद शाम को महिला को इटौरा स्थित संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर ले जाया गया। इसके बाद टीम ने अस्पताल में छापा मार दिया। मौके पर पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन मिली। अधिकारियों के अनुसार, मशीन के जरिए टैबलेट की मदद से भ्रूण की जांच की जा रही थी। जांच में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी मौके पर मिले। इनमें कुछ उपकरण चार्जिंग पर लगे हुए थे। टीम ने सभी उपकरणों को कब्जे में ले लिया। अस्पताल का पंजीकरण नहीं था अधिकारियों के मुताबिक, संस्कार हॉस्पिटल का पंजीकरण नहीं था। अस्पताल में आईसीयू की सुविधा का बोर्ड भी लगा हुआ था। संचालक ने पंजीकरण के लिए आवेदन किए जाने की बात बताई। अस्पताल का भवन शमसाबाद की मंजू से करीब दो महीने पहले भानु और प्रदीप ने किराए पर लिया था। तीन कमरों में अस्पताल संचालित किया जा रहा था। इससे पहले इसी भवन में ठाकुरदास के नाम से अस्पताल चल रहा था, जो करीब चार-पांच महीने पहले बंद हो गया था। ये लोग हिरासत में लिए गए एसीएमओ सुशील कुमार के अनुसार, अस्पताल का संचालन सैंया निवासी भानु प्रताप कर रहा था। उसके साथ इटौरा के ओम नारायण, फतेहाबाद के मयंक शर्मा, मकरौल के जगवीर सिंह, मनीष कुशवाहा, कुशीनगर के पवन कुशवाहा और सोनीपत के शंकर राणा को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, महिला से शंकर राणा ने संपर्क किया था। टीम अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाएगी। मलपुरा थाने में दी जाएगी शिकायत हरियाणा से आई स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम की ओर से मलपुरा थाने में लिखित शिकायत दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद होगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *