बारिश के बाद तेज धूप और उमस ने बढ़ाई परेशानी:संभल में OPD मरीजों की संख्या 1000 पार, धान की फसल को नुकसान


संभल में बारिश के बाद तेज धूप और उमस से लोगों की सेहत पर असर पड़ा है। 13 और 17 सितंबर को हुई बारिश के बाद दिन में तेज गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन में मानसून का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 172 दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव के कारण जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल की ओपीडी में मरीजों की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। संक्रमण के 46 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। पैथोलॉजी लैब में मरीजों की लगातार जांच की जा रही है। सीएमएस डॉ. राजेंद्र सैनी ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मद्देनजर 10 बेड आरक्षित किए गए हैं और सभी जरूरी इंतजाम पूरे हैं। मंगलवार सुबह 9 बजे संभल का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। दिनभर धूप निकलने के साथ बादल भी छाए रहेंगे। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं से बीच-बीच में उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। पिछले दिनों तेज आंधी के साथ हुई बारिश से धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। जहां एक बीघा फसल से 5 क्विंटल धान निकलता था, वहीं अब सिर्फ 3 से 3.5 क्विंटल धान निकल रहा है। बटाई पर खेती करने वाले किसानों को इससे सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। स्थानीय निवासी नरेश कुमार ने बताया कि बारिश रुकने के बाद मौसम में बदलाव आया है और कई घरों में लोग बीमार हैं। दिन में तेज धूप से परेशानी हो रही है। 1 जून से 31 अगस्त तक संभल में 1026 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, 1 सितंबर से 21 सितंबर तक 82 मिलीमीटर बारिश हुई है। इस मानसून की बारिश ने संभल और चंदौसी नगर पालिका परिषद के जल निकासी के दावों की सच्चाई भी सामने ला दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *