बुलंदशहर अस्पताल में मरीज को स्ट्रेचर नहीं मिला:तीमारदार हाथ-पैर पकड़कर ले गए, वीडियो आया सामने


बुलंदशहर के खुर्जा स्थित सूरजमल जटिया राजकीय अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में स्ट्रेचर न मिलने के कारण तीमारदार मरीजों को अमानवीय परिस्थितियों में ले जाने को मजबूर दिखे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो सरकारी दावों की पोल खोल रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते एक महिला मरीज को स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं हो सका। लाचार तीमारदार महिला के हाथ और पैर पकड़कर उसे हवा में लटकाकर अस्पताल के भीतर ले जाते हुए दिखाई दिए। इस दृश्य को देखकर अस्पताल में मौजूद अन्य लोग भी हैरान रह गए। अस्पताल में बदइंतजामी का यह आलम केवल एक मरीज तक सीमित नहीं था। वीडियो के एक अन्य हिस्से में एक और तीमारदार अपने मरीज को गोदी में उठाकर बदहवास हालत में दौड़ता हुआ नजर आ रहा है। अस्पताल परिसर में व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की अनुपलब्धता ने सरकारी दावों की हकीकत उजागर कर दी है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये का बजट आने के बावजूद जटिया अस्पताल में मरीजों को आए दिन ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस पूरे मामले में अभी तक किसी सक्षम अधिकारी का बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *