मोहर्रम की पांचवीं पर कर्बला के शहीदों को किया याद:प्रयागराज में मजलिसें आयोजित, आज निकलेगा अली असगर झूला-ताबूत जुलूस


प्रयागराज में मोहर्रम की पांचवीं तारीख पर शहर के विभिन्न इमामबाड़ों में कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। अकीदतमंदों ने गम और अकीदत के साथ मजलिसों में शिरकत की। इस दौरान हजरत इमाम हुसैन के फरजंद हजरत अली अकबर की शहादत का मार्मिक बयान सुनकर अकीदतमंदों की आंखें नम हो गईं। चक जीरो रोड स्थित इमामबाड़ा डिप्टी जाहिद हुसैन में आयोजित मजलिस में मौलाना सैय्यद जमीर हैदर रिजवी ने हजरत अली अकबर की शहादत का बयान किया। उन्होंने बताया कि यजीदी लश्कर ने किस प्रकार बरछी के वार से उन्हें शहीद किया था। मजलिस के बाद शहर की प्रसिद्ध अंजुमन गुनचा-ए-कासिमया, बख्शी बाजार के नौहाख्वानों ने पुरदर्द नौहे पेश किए। इन नौहों पर अकीदतमंद सिसकियां लेकर मातम करते रहे। अंजुमन के प्रवक्ता सैय्यद मोहम्मद अस्करी के अनुसार, इस कार्यक्रम में मिर्जा अजादार हुसैन ‘अब्बू’, हसनैन अख्तर, जहीर अब्बास नकवी, शजीह अब्बास और नय्यर आब्दी सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद थे। वहीं, दरियाबाद स्थित इमामबाड़ा अबुल हसन खां में आयोजित मजलिस को जाकिर-ए-अहलेबैत रजा हसनैन एडवोकेट ने संबोधित किया। इसके बाद अंजुमन हाशिमया के नौहाख्वानों ने नौहे पढ़े और शबीह-ए-जुलजनाह का जुलूस निकाला गया। मातमदारों ने जंजीरों और तेजधार छुरियों से पुश्तजनी कर गम का इजहार किया। इस कार्यक्रम में जिया अब्बास अर्शी, यासिर सिब्तैन, मशहद अली खां और शफकत अब्बास पाशा सहित कई अकीदतमंद उपस्थित थे। इसी क्रम में, मोहर्रम की छठवीं तारीख सोमवार को रौशनबाग स्थित स्वर्गीय मुस्तफा हुसैन के इमामबाड़े से हजरत अली असगर का झूला, दो विशाल अलम और हजरत अली अकबर के ताबूत का जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस रात आठ बजे शुरू होगा। जुलूस रौशनबाग, बख्शी बाजार, काजीगंज और अहमदगंज होते हुए फूटा दायरा इमामबाड़े तक जाएगा। यह जानकारी सैय्यद मोहम्मद अस्करी ने दी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *