![]()
कासगंज। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। सोमवार को कासगंज जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां अस्पताल परिसर सुबह से ही खचाखच भरा नजर आया। लगातार बढ़ते तापमान और उमस के चलते विभिन्न बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अस्पताल में पर्चा काउंटर पर मरीजों और उनके तीमारदारों की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे लोगों को पर्चा बनवाने के लिए काफी देर इंतजार करना पड़ा। ओपीडी में भी मरीजों की भारी भीड़ थी। सबसे अधिक मरीज हड्डी एवं दर्द संबंधी विभाग में पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे तक 400 से अधिक मरीजों को डॉक्टरों द्वारा देखा जा चुका था। इन मरीजों में मुख्य रूप से शरीर दर्द, कमर दर्द, घुटनों के दर्द, कमजोरी और गर्मी से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित लोग शामिल थे। डॉक्टर मनीष कुमार ने बताया कि तेज धूप, गर्म हवाओं और पानी की कमी के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ रही है, जिससे वे सर्दी, खांसी, डायरिया और बुखार जैसी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने आम जनता को सलाह दी है कि वे केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। साथ ही, अधिक से अधिक पानी पीने, धूप से बचाव करने और बच्चों को पूरे कपड़े पहनाने की भी अपील की गई है।
Source link
कासगंज जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़:गर्मी और लू से से बढ़ी बीमारियां, पर्चा काउंटर पर लंबी कतारें