![]()
सीतापुर के महमूदाबाद विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक आशा मौर्य ने क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध मिट्टी खनन और परिवहन को लेकर जिलाधिकारी राजा गणपति आर से फोन पर शिकायत करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। रविवार को क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में जाते समय विधायक ने बड़ी संख्या में मिट्टी से भरी ट्रॉलियों को गांव के अंदर से गुजरते देखा, जिसके बाद उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से नाराजगी जताई। विधायक आशा मौर्य ने बताया कि वह तुरसैना गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं, तभी पंचायत भवन के पास करीब नौ मिट्टी से लदी ट्रॉलियां सड़क पर खड़ी और आवागमन करती दिखाई दीं। उन्होंने फोन पर डीएम राजा गणपति आर को बताया कि कई वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं थी और न ही मिट्टी को नियमों के अनुसार ढककर ले जाया जा रहा था। इससे सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई थी। फोन पर हुई बातचीत में विधायक ने कहा कि उन्होंने खनन अधिकारी से भी बात की थी। खनन अधिकारी की ओर से वाहनों के पास अनुमति होने की बात कही गई, लेकिन विधायक ने सवाल उठाया कि यदि अनुमति है तो भी परिवहन संबंधी नियमों का पालन क्यों नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रॉलियों को ढककर चलाना, नंबर प्लेट लगाना और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
विधायक ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि नई बनी सड़कों को भारी वाहनों और मिट्टी के परिवहन से नुकसान पहुंच रहा है। साथ ही गांवों के भीतर छोटे बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर फोर्स भेजकर वाहनों की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जनता की सुरक्षा, सरकारी संपत्तियों की रक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अवैध खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Source link
सीतापुर में अवैध खनन पर विधायक आशा मौर्य की शिकायत:खुद जाम में फंसने पर भड़की विधायक, डीएम को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए