गोपाल गिरि | लखीमपुर-खीरी6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

लखीमपुर खीरी में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी)-2026 परीक्षा रविवार, 21 जून को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच यह परीक्षा आयोजित की गई। कुल 3366 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3157 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 209 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सभी केंद्रों पर नियुक्त मजिस्ट्रेट भी परीक्षा अवधि के दौरान मुस्तैद रहे।

डीएम ने राजकीय इंटर कॉलेज, अब्दुल कलाम गर्ल्स इंटर कॉलेज, वाईडी कॉलेज, गुरुनानक इंटर कॉलेज और राजकीय पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में, जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र एवं सिटी कोऑर्डिनेटर तथा केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य आशीष कुमार दीक्षित ने भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और केंद्र मजिस्ट्रेटों को एनटीए के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न होने पर प्रशासन ने संतोष व्यक्त किया।
