![]()
मेरठ पुलिस ने 16 वर्षीय किशोर अब्दुल समद की हत्या का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल उठने के बाद अब उच्च स्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जाकिर कॉलोनी निवासी अबरार का बेटा अब्दुल समद कबाब की दुकान पर काम करता था। वह 16 जून को काम से लौटते समय अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार ने उसी दिन लोहियानगर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी, हालांकि तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। नाले से मिला शव, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि 18 जून को जाहिदपुर क्षेत्र के पास एक नाले से किशोर का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से हत्या की पुष्टि हुई। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ जावेद को हापुड़-मेरठ रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से मृतक का रेडमी मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू उर्फ जावेद का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर सवाल, जांच के आदेश इस मामले में शुरुआती स्तर पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठे हैं। इसे देखते हुए मेरठ रेंज के डीआईजी ने जांच के आदेश दिए हैं, जिसकी जिम्मेदारी एसपी सिटी को सौंपी गई है। परिजन लगातार आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद भी परिवार न्यायिक प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने की मांग कर रहा है।
Source link
मेरठ में किशोर की हत्या का खुलासा:मोबाइल लूटकर नाले में फेंका था शव, आरोपी गिरफ्तार