ताले तोड़कर घरों को निशाना बना रहा था गैंग:बारादरी पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे


बरेली। बारादरी पुलिस ने घरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 14 जून को रिया गौतम के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, 40 हजार रुपये नकद, इन्वर्टर, बैटरी, टीवी, लैपटॉप और मोबाइल सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इसके अतिरिक्त, सरफराज अहमद, फैसल सैफी और मोहम्मद कैफ के किराए के कमरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। रविवार को हरुनंगला पुल के पास से धर्मवीर, परमवीर और अजय को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय सुनसान इलाकों में रेकी करते थे और लोहे की रॉड से घरों के ताले तोड़ते थे। गिरोह का एक सदस्य बाहर निगरानी करता था, जबकि अन्य चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद वे ऑटो में सामान लादकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने तुलसीनगर क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो कलाई घड़ियां, एक इन्वर्टर, 1820 रुपये नकद, ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित साथियों और चोरी के बाकी सामान की तलाश कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *