AAP का चंदा चोरी के आरोपों पर प्रदर्शन:420 रूपए का चढ़ावा दान कर बजरंग बली से की प्रार्थना


सोनभद्र में आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को कथित चंदा चोरी के आरोपों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शीतला मंदिर रोड से बढ़ौली चौराहे तक भिक्षाटन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से ₹420 का चढ़ावा बजरंग बली हनुमान मंदिर में दान कर प्रार्थना की कि श्रीराम मंदिर के चढ़ावे को बचाया जा सके। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “चंदा चोरों गद्दी छोड़ो”, “राम भक्तों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “श्रीराम के नाम पर भ्रष्टाचार बंद करो” जैसे नारे लगाए। उन्होंने दान और चढ़ावे में हुई कथित लूट की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
पार्टी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष केवल सिंह कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि प्रभु श्रीराम हम सभी की आस्था और मर्यादा के प्रतीक हैं। उनके भव्य मंदिर निर्माण के लिए करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई दान की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा इस पवित्र चंदे में लूट की जा रही है, जिसे करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं के साथ विश्वासघात बताया। कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी भ्रष्टाचार पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जब उनके अपने संगठन (आरएसएस) से जुड़े लोग और उनके करीबी चंदा चोरी में लिप्त पाए जाते हैं, तो वे पूरी तरह मौन साध लेते हैं।
पूर्व प्रांत उपाध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि वे चंपत राय को ₹420 का डिमांड ड्राफ्ट भेजकर यह संदेश दे रहे हैं कि वे प्रभु के मंदिर के पैसों पर डाका डालना बंद करें। उन्होंने आगे कहा कि यदि भाजपा, आरएसएस या उनके लोगों के पास पैसे की कमी है, तो वे सीधे मांग लें। पांडे ने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच झोली फैलाकर पैसा इकट्ठा करेगा और उन्हें दे देगा, लेकिन भगवान के घर में यह हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भिक्षाटन के कार्यक्रम में प्रमुख रूप अनवर अली अंसारी जिला महासचिव, जिलाध्यक्ष यूथ विंग शुभम् मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार मौर्य, संरक्षक राजेंद्र मौर्या,जिला सचिव शिवम घमडी सिंह,शंभू नाथ, नागेन्द्र मौर्या, से सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *