![]()
मुजफ्फरनगर में दलित युवती के अपहरण का मामला अब राजनीतिक रंग ले रहा है। दो दिन बीत जाने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लगने से परिजनों में चिंता और गुस्सा बढ़ रहा है। इसी बीच पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी के चरथावल विधायक पंकज मलिक को पुलिस ने रास्ते में रोकने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। थाना सिविल लाइन क्षेत्र से दलित युवती का अपहरण हुआ था। घटना के बाद से युवती लापता है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। रविवार को विधायक पंकज मलिक पीड़ित परिवार का हालचाल जानने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिस पर विधायक और CO के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुछ देर की बहस के बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ पीड़िता के घर पहुंच गए। वहां उन्होंने परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है तथा न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। विधायक पंकज मलिक ने मौके पर मौजूद सीओ से पीड़िता के घर के बाहर तैनात अतिरिक्त पुलिस बल हटाने की भी अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस परिवार से मिलने आने वालों को रोक रही है। विधायक ने परिजनों से कहा कि यदि पुलिस किसी प्रकार का उत्पीड़न करती है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए, वह हर स्तर पर उनका साथ देंगे। विधायक ने युवती की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पुलिस को इस मामले में तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
Source link
मुजफ्फरनगर में सपा विधायक की सीओ नोकझोंक, VIDEO:दलित युवती के अपहरण का मामला, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे पंकज मलिक को रोका