सहारनपुर में डॉक्टर से मांगी 10 लाख की रंगदारी:सोशल मीडिया पर बदनाम करने, प्रैक्टिस बंद कराने और अस्पतालों पर ताले लगाने की धमकी, किसान नेता समेत दो पर मुकदमा


सहारनपुर के एक चाइल्ड स्पेशलिस्ट ने किसान संगठन से जुड़े होने का दावा करने वाले एक नेता और उसके सहयोगी पर रंगदारी मांगने तथा धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शहर के चिकित्सक डॉ.राजेश शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लंबे समय से चिकित्सा सेवा से जुड़े हैं और उनकी शहर में अच्छी प्रतिष्ठा है। उनका आरोप है कि विपक्षी पक्ष द्वारा पूर्व में भी उनके खिलाफ विभिन्न स्तरों पर शिकायतें की गई थीं, लेकिन जांच में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया। शिकायत के अनुसार, इसके बावजूद आरोपियों ने लगातार दबाव बनाने और परेशान करने का प्रयास जारी रखा। डॉ. शर्मा का आरोप है कि हाल ही में हुई एक मुलाकात के दौरान आरोपी पक्ष ने उन्हें और अन्य चिकित्सकों को धमकाते हुए कहा कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई तो शहर में उनकी प्रैक्टिस बंद करा दी जाएगी। चिकित्सक ने आरोप लगाया कि उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने, अस्पतालों पर ताले लगवाने और सोशल मीडिया पर अभियान चलाकर छवि खराब करने की चेतावनी दी गई। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों की ओर से दी गई कथित धमकियों के कारण चिकित्सकों में भय का माहौल है। डॉ. शर्मा ने अपनी और अन्य डॉक्टरों की सुरक्षा को खतरा बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *