![]()
सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के केकराही स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के मामले को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जांच टीम भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मामला गंभीर पाए जाने पर संबंधित निजी अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्रसूता की मृत्यु के कारणों और उपचार में संभावित लापरवाही की जांच के लिए विभागीय टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों और संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या मरीजों के जीवन से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर अस्पताल संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। यह है पूरा मामला… घोरावल थाना क्षेत्र के पुरखास गांव निवासी संतोषी (25), पत्नी रामजी, को मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन जड़ेरुआ प्रसव केंद्र लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां तैनात स्टाफ नर्स चिंता देवी ने बेहतर उपचार का भरोसा देकर उन्हें केकराही स्थित मेडिसिटी हॉस्पिटल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान गर्भ में ही नवजात की मौत हो गई। इसके कुछ समय बाद संतोषी की हालत भी बिगड़ने लगी। अस्पताल प्रशासन ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने संतोषी को मृत घोषित कर दिया। मृतका और नवजात के शव लेकर जब परिजन वापस मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचे तो अस्पताल का शटर बंद मिला और स्टाफ मौके से गायब था। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल को सील कर दिया है और जांच जारी है।
Source link
सोनभद्र में प्रसूता की मौत के मामले में अस्पताल सील:लापरवाही की जांच के लिए टीम गठित, डीएम के निर्देश पर जांच शुरू