मिर्जापुर में रिमझिम बारिश और हवाओं से गर्मी से राहत:मौसम ने ली करवट, तापमान में आई गिरावट


मिर्जापुर में शुक्रवार देर शाम मिर्जापुर में मौसम ने अचानक करवट ले ली। रिमझिम बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने शाम को मौसम सुहावना होने पर राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर गर्म हवाओं और उमस ने जनजीवन को प्रभावित किया, लेकिन शाम के समय हुई हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। अचानक शुरू हुई बारिश का असर यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। चार पहिया वाहन चालक अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे, जबकि बाइक और साइकिल सवारों ने बारिश से बचने के लिए दुकानों, पेड़ों और अन्य सुरक्षित स्थानों का सहारा लिया। कई स्थानों पर लोग बारिश का आनंद लेते हुए भी नजर आए। बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली। मौसम में आए इस बदलाव से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों के चेहरे खिल उठे। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। साथ ही जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *