![]()
देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार को दाहिने हाथ में फ्रैक्चर के इलाज के लिए लाई गई छह वर्षीय बच्ची के बाएं हाथ में प्लास्टर चढ़ा दिया गया। परिजनों की शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। शहर की भुजौली कॉलोनी निवासी अल्पना उपाध्याय अपनी छह वर्षीय बेटी साम्भवी के साथ मायके आई थीं। कुछ दिन पहले खेलते समय गिरने से साम्भवी के दाहिने हाथ में चोट लग गई थी। दर्द बढ़ने पर परिजनों ने उसे चिकित्सक को दिखाया, जिन्होंने एक्स-रे कराने की सलाह दी। एक्स-रे जांच में बच्ची के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। इसके बाद परिजन साम्भवी को इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने एक्स-रे देखकर हड्डी टूटी होने की बात कही और प्लास्टर के लिए भेजा। हालांकि, प्लास्टर कर रहे कर्मचारियों ने गलती से दाहिने हाथ की जगह बाएं हाथ में प्लास्टर चढ़ा दिया, जिस हाथ में कोई चोट नहीं थी। परिजनों को जब इस गलती का पता चला तो वे बच्ची को लेकर दोबारा मेडिकल कॉलेज पहुंचे। शुरुआत में कर्मचारियों ने उन्हें टालने की कोशिश की। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत सीएमएस से की। सीएमएस को जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप किया और बच्ची के चोटिल दाहिने हाथ में प्लास्टर करने का निर्देश दिया। इसके बाद बच्ची के सही हाथ में प्लास्टर किया गया।
Source link
बच्ची के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर, बाएं में प्लास्टर:देवरिया मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान लापरवाही