सिपाही पर विवादित जमीन पर कब्जा कराने का आरोप:पीड़ित परिवार SSP से मिला, हाईकोर्ट में विचाराधीन भूमि पर निर्माण का मामला


मुज़फ़्फ़रनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर में एक विवादित भूमि को लेकर नया मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने बिरालासी चौकी पर तैनात एक सिपाही पर विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर जमीन पर जबरन निर्माण कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। बुधवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में पीड़ित जमील ने बताया कि गांव में खसरा संख्या 175 की भूमि पर उनका परिवार पिछले लगभग 30 वर्षों से काबिज है और वहां उनका मकान बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इस भूमि से संबंधित मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में सेकंड अपील संख्या 703/2013 के तहत विचाराधीन है। जमील के अनुसार, बुधवार सुबह बिरालासी चौकी पर तैनात सिपाही दिनेश विपक्षी पक्ष के साथ विवादित भूमि पर पहुंचा। वहां सिपाही की मौजूदगी में नींव भरवाने का कार्य शुरू करा दिया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने सिपाही को हाईकोर्ट में मामला लंबित होने की जानकारी दी और संबंधित दस्तावेज दिखाए, तो सिपाही ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और कागजात फेंक दिए। जमील का यह भी आरोप है कि सिपाही ने उन्हें धमकी दी कि यदि उन्होंने ज्यादा विरोध किया तो उन्हें पुलिस से बदतमीजी के आरोप में जेल भेज दिया जाएगा। जमील का दावा है कि इस पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जिसे वे जांच अधिकारियों को सौंपने के लिए तैयार हैं। प्रेसवार्ता में मौजूद सितारा, जो शकील राणा की पत्नी हैं, ने आरोप लगाया कि गरीब होने के कारण उनकी सुनवाई नहीं हो रही है और पुलिस स्वयं विपक्षी पक्ष का साथ दे रही है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी (CO) सदर को सौंप दी गई है। वर्मा ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *