सोनभद्र में विकास प्रदर्शनी में जुटे स्टूडेंट:पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल के काम गिनाए, डीएम बोले- जिला अब पिछड़ा नहीं रहा


सोनभद्र के पंचायत रिसोर्स सेंटर में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी जनपद की विकास यात्रा, औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं का सजीव दस्तावेज बनकर उभरी है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर विकास की बदलती तस्वीर को करीब से देखा। प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि कभी पिछड़े जनपदों में गिना जाने वाला सोनभद्र आज ऊर्जा उत्पादन, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है। राज्य मंत्री गौड़ ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जनपद में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। तकनीकी नवाचारों और औद्योगिक निवेश के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर आधारभूत संरचना और निवेश अनुकूल वातावरण के कारण प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिली है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं, तकनीकी प्रगति एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भूमिका से अवगत कराना था। प्रदर्शनी में उमड़ी जनभागीदारी यह दर्शाती है कि विकास और नवाचार के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि यह विकास प्रदर्शनी केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनपद की परिवर्तनकारी विकास यात्रा का प्रतिबिंब है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सोनभद्र ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, डिजिटल सेवाओं, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रशासन का लक्ष्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा सुशासन की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण आधुनिक तकनीकों और नवाचारों पर आधारित तकनीकी वीथिकाएं रहीं। यहां ड्रोन तकनीक, 3डी प्रिंटिंग, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स, ब्लूटूथ नियंत्रित वाहन, लाइन फॉलोइंग रोबोट, ऑब्स्टेकल अवॉइडिंग रोबोट तथा औद्योगिक ऑटोमेशन आधारित मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में जनपद की औद्योगिक क्षमता और आर्थिक योगदान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। एनसीएल, आवादा ग्रुप, अदाणी समूह, हिंडालको, ओबरा तापीय परियोजना एवं अल्ट्राटेक जैसी प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयों ने अपनी परियोजनाओं, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं को प्रस्तुत किया। इन प्रदर्शनों ने यह दर्शाया कि सोनभद्र प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, विधायक सदर भूपेश चौबे, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल, पूर्व सांसद नरेन्द्र सिंह कुशवाहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *