![]()
देवरिया में डीएम मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर तीन खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) और एक सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) को कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और वास्तविक तथ्यों के आधार पर किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा आईजीआरएस प्रकरणों की फीडबैक समीक्षा के दौरान कई मामलों में निस्तारण संतोषजनक नहीं पाया गया। जांच में यह सामने आया कि कुछ अधिकारियों ने निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई किए बिना अपूर्ण एवं त्रुटिपूर्ण आख्या पोर्टल पर अपलोड कर दी थी। इसके अतिरिक्त, संबंधित शिकायतकर्ताओं ने भी निस्तारण पर असहमति व्यक्त की। कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों में गौरी बाजार, भटनी और रामपुर कारखाना के खंड विकास अधिकारी शामिल हैं। इनके साथ ही पथरदेवा के सहायक विकास अधिकारी को भी चेतावनी दी गई है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर ही रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आईजीआरएस शासन की एक महत्वपूर्ण जन शिकायत निवारण प्रणाली है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि शिकायतों के निस्तारण में खामियां पाई गईं, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को जन शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शासन की मंशा पूरी हो सके।
Source link
आईजीआरएस शिकायतों के गलत निस्तारण पर सख्ती:देवरिया में 3 बीडीओ, एक एडीओ को चेतावनी, डीएम ने कहा- अब सीधे कार्रवाई होगी