अरुणेश प्रताप सिंह | अम्बेडकरनगरकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

अम्बेडकरनगर में किसानों को मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न बागवानी कार्यक्रमों के लिए अनुदान मिलेगा। इच्छुक किसान इस योजना का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला उद्यान अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि किसान उद्यान विभाग के ऑनलाइन पोर्टल dbt.uphorticulture.in पर स्वयं या जन सेवा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खेती से संबंधित दस्तावेज अनिवार्य होंगे। लाभार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मानकों और ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत पर किया जाएगा।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को विभिन्न बागवानी कार्यक्रमों के लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। इनमें 40 हेक्टेयर सब्जी क्षेत्र विस्तार, पुष्प क्षेत्र विस्तार, फल क्षेत्र विस्तार, मसाला फसलों का विकास और प्याज क्षेत्र विस्तार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, फलोद्यानों का द्वितीय वर्ष अनुरक्षण, फेंसिंग, मल्चिंग और सघन बागवानी कार्यक्रम भी इस योजना का हिस्सा हैं।
योजना के तहत हाईडेंसिटी आम, अमरूद, लीची और नींबू के बागों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा। ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, पपीता, करौंदा, बेल, बेर, आँवला जैसी कम लागत वाली फल फसलों का विस्तार तथा रजनीगंधा एवं ग्लेडियोलस जैसे व्यावसायिक पुष्पों की खेती को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
बागवानी में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए किसानों को ट्रैक्टर (2WD एवं 4WD), पावर टिलर और नैपसेक स्प्रेयर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, टिश्यू कल्चर मशरूम उत्पादन इकाई, एडीबीई वर्मी बेड और मल्चिंग जैसे कार्यक्रमों का लाभ भी किसानों को प्रदान किया जाएगा।
