नोएडा में मीटिंग के बाद बिगड़ी GST उपायुक्त की तबीयत:पत्नी बोली- अपर आयुक्त के उत्पीड़न से डिप्रेशन में गए; सीएम से की शिकायत


ग्रेटर नोएडा में जीएसटी विभाग के एक उपायुक्त की पत्नी ने अपर आयुक्त पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस संबंध में सीएम योगी आदित्यनाथ से लिखित शिकायत कर न्यायिक जांच की मांग की है। आरोप है कि बैठक के दौरान उनके पति के साथ अभद्रता की गई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। उपायुक्त की पत्नी शोभिता सिंह के अनुसार, उनके पति वेद प्रकाश सिंह गौतमबुद्ध नगर जोन के खंड-12 में उपायुक्त हैं। 12 जून को एक बैठक के दौरान अचानक बेहोश हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें कोई शारीरिक बीमारी नहीं है, बल्कि किसी बात का गहरा आघात लगा है और वे डिप्रेशन में हैं। शोभिता सिंह ने बताया कि 14 जून को विभाग के कुछ साथी उनके पति का हालचाल जानने घर आए, लेकिन पति ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया। उनका आरोप है कि 14 जून से अपर आयुक्त उनके पति पर मिलने का दबाव बना रहे हैं, जबकि पति उनके सामने जाने से डर रहे हैं। 15 जून को वह अपने पति को लेकर वाराणसी चली गईं। पत्नी ने मुख्यमंत्री से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वही, संदीप भागिया अपर आयुक्त, जीएसटी गौतमबुद्ध नगर जोन ने कहा कि उनकी पहले भी उनकी तबीयत बिगड़ चुकी है तब मीटिंग नहीं थी, लेकिन अब मीटिंग में अचानक तबीयत खराब हो गई। उनकी तबीयत अब ठीक है और अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। उनको कुछ दिन आराम करने को कहा गया है। सभी आरोप गलत हैं और किसी तरह का विवाद नहीं है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *