रिकॉर्ड-रूम में फाइलों के बीच मिले रिश्वत के 5 हजार:ललितपुर BSA कार्यालय में रिटायर्ड टीचर से एरियर के नाम पर ली गई थी रिश्वत


ललितपुर के बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय में रिटायर्ड शिक्षक मदनमोहन नामदेव से एरियर के नाम पर ली गई 5 हजार रुपए की रिश्वत 6 दिन बाद बरामद हो गई। रिश्वत लेने के आरोप में 10 सितंबर को गिरफ्तार किए गए लिपिक राजेश कुशवाहा ने गिरफ्तारी से पहले पैसे लेखा अधिकारी कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में फाइलों के बीच छिपा दिए थे। मंगलवार शाम करीब 6 बजे झांसी से आई एंटी करप्शन टीम ने अधिकारियों की मौजूदगी में रिकॉर्ड रूम की तलाशी ली और रकम बरामद कर ली। ताला खुलवाकर रिकॉर्ड रूम में तलाशी मंगलवार शाम एसडीएम सदर हेमंत पटेल, बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार, लेखा अधिकारी घनश्याम सिंह और एंटी करप्शन टीम BSA कार्यालय पहुंची। एसडीएम की देखरेख में लेखा अधिकारी कार्यालय का ताला खुलवाया गया। इसके बाद टीम ने रिकॉर्ड रूम में रखी फाइलों के बीच तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान 5 हजार रुपए मिले, जिन्हें टीम ने बरामद कर लिया। गिरफ्तारी से पहले छिपा दिए थे पैसे 10 सितंबर को झांसी की एंटी करप्शन टीम ने BSA कार्यालय में लिपिक राजेश कुशवाहा को 82 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक मदनमोहन नामदेव से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा था। बताया गया कि यह रकम शिक्षक के एरियर के काम के नाम पर ली गई थी। टीम की कार्रवाई के दौरान लिपिक गिरफ्तारी से पहले लेखा अधिकारी कार्यालय में चला गया था और रिश्वत की रकम वहां फाइलों के बीच छिपा दी थी। इसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उस समय पैसे बरामद नहीं हो सके थे। शिक्षक ने एंटी करप्शन टीम को सराहा रिश्वत देने वाले रिटायर्ड शिक्षक मदनमोहन नामदेव ने रकम बरामद किए जाने पर एंटी करप्शन टीम के काम की सराहना की। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी रिश्वत मांगी जाए तो एंटी करप्शन टीम झांसी में शिकायत करें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हो सके। वहीं, लेखा अधिकारी कार्यालय में तैनात एक अन्य लिपिक के छह दिन से कार्यालय में नहीं आने के बारे में बताया गया कि वह छुट्टी पर है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *