संभल में सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत:भाजपा चेयरमैन लिखी बदायूं की गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर


संभल जिले में सोमवार दोपहर आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। बदायूं जनपद की एक टीयूवी गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना गुन्नौर कस्बा क्षेत्र में दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। मृतकों की पहचान जुनावई थाना क्षेत्र के करियामई गांव निवासी 52 वर्षीय माला देवी पत्नी पान सिंह और उनके 18 वर्षीय बेटे कमल सिंह के रूप में हुई है। मां-बेटे बाइक से तहसील गुन्नौर के थाना धनारी क्षेत्र के गांव भकरौली में रिश्तेदारी जा रहे थे। हादसे में बाइक चला रहे बेटे कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माला देवी को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान करीब 3 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और भाजपा का झंडा लगी टीयूवी गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मां-बेटे बाइक से जा रहे थे, तभी गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। बेटे की मौके पर और मां की अस्पताल में मौत हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *