गोमती नदी में नहाते समय लखनऊ का युवक डूबा:बालेश्वर धाम में हुई घटना, पुलिस और गोताखोर तलाश में जुटे


सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र के बेरसपुर स्थित प्रसिद्ध बालेश्वर धाम में रविवार शाम करीब 6 बजे एक युवक गोमती नदी में नहाते समय डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। लखनऊ जनपद के बक्शी का तालाब क्षेत्र के ग्राम लोहंगपुर निवासी 32 वर्षीय मोहित यादव पुत्र कल्लू यादव अपने दोस्त भूपेंद्र कुमार और चंद्रकुमार यादव के साथ बालेश्वर धाम में आयोजित भंडारे में शामिल होने आया था। भंडारे में शामिल होने के बाद शाम करीब छह बजे मोहित गोमती नदी में स्नान करने के लिए उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय वह नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया और अचानक पानी में डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते युवक नदी में लापता हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अटरिया पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया। फायर ब्रिगेड की टीम भी खोजबीन में जुटी रही। युवक के डूबने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के सदस्य भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। थाना प्रभारी लालबहादुर मिश्रा ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में गोताखोर लगातार नदी में युवक की तलाश कर रहे हैं। अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। पुलिस और राहत दल द्वारा नदी में सघन खोज अभियान जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *