लखनऊ में योग दिवस से पहले निकली जागरूकता रैली:आशियाना क्षेत्र में लोगों ने दिया योग अपनाने का संदेश


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले राजधानी लखनऊ में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रविवार को आशियाना क्षेत्र में एक योग जागरूकता वाहन रैली निकाली गई। इस रैली में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। रैली का आयोजन उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के तत्वावधान में किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत आशियाना के जोनल पार्क से हुई, जहां उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष एवं समिति के संरक्षक संजय गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह गौर, उपाध्यक्ष एवं गीता चैरिटी ट्रस्ट फाउंडेशन के सचिव योगाचार्य सुनील मौर्य और क्षेत्रीय पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी भी उपस्थित रहे। नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया यह रैली आशियाना के विभिन्न मोहल्लों, बाजारों और पार्कों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग पर योग गीतों, नारों और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं ने घर-घर जाकर योग के लाभ बताए और लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। रैली के दौरान लोगों में काफी उत्साह देखा गया। प्रतिभागियों ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करना था। 2000 योग साधक एक साथ योगाभ्यास करेंगे डॉ. संदीप सिंह गौर ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आशियाना स्थित मल्टी एक्टिविटी सेंटर में एक भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस कार्यक्रम में लगभग 2000 योग साधक एक साथ योगाभ्यास करेंगे। इसमें क्षेत्रीय विधायक राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि और संजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।संजय गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि स्वस्थ शरीर ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने जोर दिया कि योग,संतुलित खानपान और अनुशासित दिनचर्या के माध्यम से कई बीमारियों से बचाव संभव है।उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *