![]()
शाहजहांपुर के पुवायां नगर पालिका परिषद की ओर से लगाए गए सरकारी बैनरों में एक बड़ी चूक सामने आई है। सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में लगाए गए प्रचार बैनरों पर उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना की तस्वीर लगाई गई। लेकिन फोटो के नीचे उनका नाम लिखने के बजाय नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी कल्पना शर्मा का नाम लिख दिया गया। चौराहों पर लगाए गए बैनर नगर के राजीव चौक समेत विभिन्न स्थानों पर लगाए गए इन बैनरों में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें भी प्रकाशित की गई थीं। बैनर में शाहजहांपुर के लोकसभा सांसद, राज्यसभा सांसद, एमएलसी, भाजपा जिलाध्यक्ष और स्थानीय विधायक की तस्वीरों के साथ उनके नाम भी अंकित थे। इसी क्रम में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना की तस्वीर के नीचे गलती से अधिशासी अधिकारी कल्पना शर्मा का नाम छप गया। रविवार सुबह जैसे ही इन बैनरों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, मामला चर्चा का विषय बन गया। लोगों ने इसे नगर पालिका की गंभीर लापरवाही बताते हुए सवाल उठाए। सुरेश खन्ना शाहजहांपुर सदर सीट से लगातार नौ बार विधायक चुने जा चुके हैं। जिले की राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण पहचान है, इसलिए इस त्रुटि को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गईं। पुवायां नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने गलती स्वीकार की। उन्होंने कहा कि बैनर तैयार करने और लगाने के दौरान तकनीकी त्रुटि हुई है। उनके अनुसार अधिशासी अधिकारी का नाम नीचे अंकित होना था, लेकिन प्रिंटिंग और डिजाइनिंग की गलती के कारण नाम गलत स्थान पर छप गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि जैसे ही गलती की जानकारी मिली, संबंधित बैनरों को हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रचार-प्रसार के लिए बैनर लगाए गए थे, लेकिन प्रिंटिंग में हुई त्रुटि के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। अब सभी गलत बैनरों को हटाकर संशोधित बैनर लगाए जाएंगे।
Source link
बैनर पर वित्तमंत्री की जगह लिख दिया EO का नाम:शाहजहांपुर के पुवायां नगर पालिका ने लगवाया बैनर, लोगों ने कहा- गंभीर लापरवाही