मुरादाबाद में एक दलित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार सुबह करीब 6:30 बजे मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव छतरपुर खंनुपुर में हुई। 23 साल का अंकित सुबह जागने के बाद अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। तभी गांव के ही रहने वाले दो युवकों ने उसे गोली मार दी। गोली अंकित के गले में लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावरों ने करीब 4 राउंड फायर किए, जिसमें एक अन्य युवक भी गोली लगने से घायल हुआ है। शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि हमलावरों के निशाने पर दूसरे युवक थे लेकिन गोली गलती से अंकित को लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया, एसएसपी सतपाल अंतिल और तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। भीम आर्मी के लोगों ने भी गांव पहुंचकर घटना पर नाराजगी जाहिर की है। पता चला है कि मृतक के बड़े भाई रोनू ने 3 साल पहले आरोपियों के खिलाफ दलित उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कराई थी। तभी से आरोपी उससे रंजिश मानते थे।
परिजनों का कहना है कि मृतक अंकित अपने परिवार में 4 भाइयों में सबसे छोटा था। नवंबर महीने में उसकी शादी होनी थी। संभल के एक गांव की युवती के साथ उसकी शादी तय हो चुकी थी। अंकित मेहनत मजदूरी करके अपना जीवन यापन कर रहा था। इसी बीच यह घटना हो गई।
आशीष से कहासुनी के बाद चली गोली
गांव के लोगों का कहना है कि गांव का रहने वाला आशीष पुत्र सुखवीर सिंह रविवार सुबह अपने घर से ट्रैक्टर में गोबर लेकर कूड़ी पर डालने ले जा रहा था। तभी रास्ते में उसे निखिल और उसका भाई विशाल पुत्र राजबीर सिंह मिल गए। बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले आशीष के पिता सुखबीर सिंह ने निखिल और विशाल के चाचा से कुछ जमीन खरीदी थी। बाद में विवाद के चलते वह जमीन वापस हो गई थी। जमीन के इसी सौदे को लेकर दोनों पक्षों में अदावत थी। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह जब आशीष ट्रैक्टर ट्राली से गोबर लेकर जा रहा था तभी रास्ते में उसे निखिल और उसका भाई विशाल मिल गए। दोनों में कहासुनी हुई। इसके बाद निखिल और विशाल ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।
एक गोली अंकित के गले में लगी, दूसरी आशीष को
गांव के लोगों का कहना है कि जब फायरिंग हो रही थी उस समय सुबह-सुबह जागने के बाद अंकित (22 साल) पुत्र कल्लू सिंह अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। अचानक से एक गोली उसके गले में आकर लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं मौके पर ढेर हो गया। उसने वहीं दम तोड़ दिया।
दूसरी गोली आशीष को लगी है। उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि आशीष को गोली लगी है या नहीं। उसे गिरने की वजह से सिर में चोट बताई जा रही है। बहरहाल उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। DM-SSP तुरंत मौके पर पहुंचे, आरोपियों की तलाश में छपे
घटना का पता चलते ही डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया और एसएसपी सतपाल अंतिल तुरंत मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को मोके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमों का गठन किया है।
भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने गांव पहुंचकर उठाई आवाज
दलित युवक की हत्या की सूचना मिलते ही भीम आर्मी के पदाधिकारी भी गांव पहुंच गए। हत्या पर विरोध दर्ज कराते हुए उन्होंने तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
Source link