घर से बुलाकर अधिवक्ता के ड्राइवर को मारी गोली:प्रयागराज में बात करते हुए 50 मीटर दूर ले जाकर किया फायर, 90 हजार का विवाद


प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक अधिवक्ता के ड्राइवर को घर से बुलाकर गोली मार दी गई। गोली कमर में लगने से वह घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रात 11 बजे घर पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक, शाहा और पीपलगांव निवासी अमित शुक्ला (35) एक अधिवक्ता का ड्राइवर है। अमित ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे गेंदालाल नाम का व्यक्ति उनके घर पहुंचा। उसने उन्हें बाहर बुलाया और बातचीत करते हुए घर से करीब 50 मीटर दूर ले गया।
बातचीत के दौरान निकाला असलहा
अमित का आरोप है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी बीच गेंदलाल ने असलहा निकालकर उन पर फायर कर दिया। गोली अमित की कमर में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सूचना पर एसीपी धूमनगंज अजयेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की।
90 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद
प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच 90 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। एसीपी अजयेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी गेंदलाल का करीब 90 हजार रुपये अमित शुक्ला पर बकाया था। वह इसी रकम की मांग को लेकर रात में उनके घर पहुंचा था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर उसने गोली चला दी।
गिरफ्तारी के लिए दबिश
एसीपी का कहना है कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में घायल और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हालत खतरे से बाहर
डॉक्टरों के अनुसार गोली लगने से घायल अमित शुक्ला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। उनका अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *