![]()
मानसून का आगमन जल्द हो जाएगा। इससे पहले शहर के निर्माणाधीन नालों ने नगर निगम की चिंता बढ़ा दी है। मेयर हों, पार्षद हों या अधिकारी, कर्मचारी, सभी संभावित जलभराव को लेकर चिंतित हैं। शुक्रवार को महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा हुई। पार्षदों ने अपनी चिंता जाहिर की तो नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि इस दिशा में प्रयास किया जा रहा है। जलभराव रोकने का जिम्मा भी नालों का काम करा रही फर्मों का होगा। नालों का निर्माण करा रहे कार्यदायी संस्थाओं को इसके लिए नगर निगम की ओर से पत्र लिखा जाएगा।
पार्षद ऋषिमोहन वर्मा ने विरासत गलियारा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां नाले का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। लेकिन एचएन सिंह चौराहे से हड़हवा फाटक तक बन रही सड़क के किनारे नाला अधूरा है। यहां जलभराव की समस्या हो सकती है। कार्यकारिणी के सदस्यों ने गोड़धोइया नाला निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोड़धोइया नाला से आसपास के मोहल्लों का नाला कनेक्ट न करने से समस्या हो सकती है। इसको लेकर उन्होंने अपनी चिंता जाहिर की। नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि शहर के बड़े हिस्से में सड़क के साथ नाला का निर्माण किया जा रहा है। कार्यदायी संस्थाओं के टेंडर में मोहल्लों के पानी के डायवर्जन के इंतजाम की व्यवस्था की गई है। उन्हें ही पंपसेट से मोहल्लों में भरने वाले पानी की निकासी की व्यवस्था भी करनी होगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम, जल निगम से लेकर गोरखपुर विकास प्राधिकरण को पत्र लिखा गया है। कार्यकारिणी सदस्य हाल के दिनों में खुले नालों में गिरने से हुई लोगों की मौत पर चिंता जताई। इसपर नगर आयुक्त ने कहा कि खुले नालों पर स्लैब रखने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। सबकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता में है। शहीद बंधू सिंह पार्क में बनी दुकानों के आवंटन को लेकर कार्यकारिणी ने अपनी सहमति दे दी। बैठक में तय किया गया कि मोहर्रम के रूट पर अस्थाई लाइटें लगाई जाएंगी। जुलूस के सभी रूटों पर रात्रिकालीन सफाई होगी। सदस्य रंजुला रावत ने सड़कों पर गंदगी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि घर के सामने कूड़ा रखने, बिल्डिंग मटेरिसल रखने के साथ डेयरी वालों की तरफ से नाले में गोबर बहाने पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। 30 जून तक पार्षदों को देना होगा वरीयता के कार्यों का प्रस्ताव
बैठक में पार्षदों ने पार्षद वरीयता से होने वाले कार्यों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 70 लाख रुपये के इन कार्यों के टेंडर में देरी की जा रही है। पार्षद जियाउल इस्लाम ने कहा कि वरीयता के 193 कार्यों में से 120 जलभराव से राहत को लेकर हैं। देर हुई तो बरसात में लोगों को दिक्कत होगी। उन्होंने 35-35 लाख रुपये के कार्यों का टेंडर निकालने को कहा। उन्होंने कहा कि नवंबर में आचार संहिता लागू हो सकती है, ऐसे में टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करना जरूरी है। नगर आयुक्त ने कहा कि सभी पार्षद 30 जून तक प्रस्ताव दे दें। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में देरी पर नाराजगी
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में हो रही देरी को लेकर सदस्यों की तरफ से नाराजगी जताई गई। पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने एक प्रकरण का उदाहरण देते हुए बताया कि महीने भर पहले के आवेदन को लेकर सुपरवाइजर ने शुक्रवार को पूछने पर बताया कि आज एसडीएम दफ्तर को पत्रावली भेज दूंगा। सदस्यों ने कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के मामलों में कोई पेंच नहीं है, उन्हें भी सुपरवाइजर कई दिनों तक लटका रहे हैं। सुपरवाइजर 15 दिन में भी रिपोर्ट लगा दें तो सहूलियत होगी। जिसपर नगर आयुक्त अजय जैन ने भरोसा दिया कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एक निश्चित समय में तैयार हो और कर्मचारियों की जवाबदेही तय हो इसके लिए जल्द गाइड लाइन जारी होगी।
बाहरी वार्डों में बढ़ेंगे 5-5 सफाई कर्मचारी
नगर निगम में शामिल हुए 9 नए वार्डों में बेहतर सफाई व्यवस्था को लेकर सफाई कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। उप सभापति पवन त्रिपाठी ने बाहरी 9 वार्ड क्रमशः रानीडिहा, खोराबार, बडगो, संझाई, गुलहरिया, हरसेवकपुर, भरवलिया गायघाट, देवीप्रसाद नगर में 5-5 सफाई कर्मचारियों को बढ़ाये जाने का प्रस्ताव दिया। जिसे मंजूरी मिल गई। इसके साथ ही महर्षि दधीचि नगर में 3 सफाई कर्मचारियों को बढ़ाये जाने की स्वीकृति दी गई। पार्कों, मोहल्लों, सड़कों को मिली पहचान नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में विचार-विमर्श के बाद शहर की 5 सड़कों, एक पार्क और एक मुहल्ले के नामकरण को स्वीकृति दी गई । हरसेवकपुर नंबर-1 में अर्बन लान से दुर्गा मंदिर तक की सड़क का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय रमाशंकर चौधरी के नाम से जानी जाएगी। इसी तरह राप्तीनगर द्वितीय कालोनी में अजय द्विवेदी के मकान से डा. एके अस्थाना के मकान तक की सड़क का नामकरण स्वर्गीय अशोक कुमार वर्मा मार्ग और रेल विहार-1 स्थित पार्क का नाम “अनुभव पार्क” रखने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ। वहीं वार्ड संख्या-2 में मोगलहां मोड़ से राजी सेमरा तक सड़क का नामकरण पूर्व विधायक स्वर्गीय ओम प्रकाश पासवान मार्ग तथा वार्ड संख्या-54 में झुंगिया गेट से फर्टिलाइजर पश्चिमी गेट तक सड़क का नामकरण समाजसेवी स्वर्गीय हरद्वार सिंह मार्ग करने की संस्तुति की गई।
इसके अलावा वार्ड संख्या-68 के बहरामपुर क्षेत्र के एक टोले का नाम “सतीगढ़ मुहल्ला” रखने तथा सोनौली मुख्य मार्ग से शिव मंदिर, पुराना गोरखपुर तक सड़क का नामकरण लेखक, समाजसेवी एवं पूर्वोत्तर रेलवे मजदूर यूनियन के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय सतीश चंद्र त्रिपाठी मार्ग किए जाने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
Source link
मानसून से पहले निर्माणाधीन नालों ने बढ़ाई निगम की चिंता:नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में उठा मुद्दा; नालों पर स्लैब भी रखेंगे