![]()
बदायूं में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार शाम एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा और डीआईजी अजय साहनी ने कछला गंगाघाट का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। घाट पर 12 मोटरबोट, एसडीआरएफ, फ्लड पीएसी और प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती के साथ महाकुंभ की तर्ज पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बदायूं में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार शाम एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा और डीआईजी बरेली रेंज अजय साहनी कछला गंगाघाट पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इसके बाद रात करीब 8 बजे पुलिस लाइन सभागार में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एडीजी रमित शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए कछला गंगाघाट पर महाकुंभ की तर्ज पर सुरक्षा और राहत व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रयागराज से विशेष मोटरबोट मंगवाई गई हैं, जिनके नीचे सुरक्षा जाल लगा है। इसके अलावा चार प्रशिक्षित तैराकों को भी तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि घाट पर स्थानीय तैराकों और गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीम भी मुस्तैद रहेगी। डूब क्षेत्र को टिनशेड बैरिकेडिंग से घेरा गया है, ताकि कोई भी श्रद्धालु गलती से गहरे पानी में न पहुंच सके। घाट पर कुल 12 मोटरबोट तैनात की गई हैं, जिनमें पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे और श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकेंगे। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी लगातार सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे। हर किलोमीटर पर पुलिस की तैनाती कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि भीड़ की स्थिति के अनुसार डायवर्जन की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। यात्रा मार्ग पर हर एक किलोमीटर पर पुलिस पिकेट और पेट्रोलिंग टीम तैनात रहेगी, ताकि कांवड़ियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। सीसीटीवी से होगी निगरानी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। डीआईजी अजय साहनी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा निर्धारित मार्ग से ही संचालित होगी। किसी भी श्रद्धालु को नया रूट अपनाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में एसपी सिटी अभिषेक सिंह द्वारा तैयार की गई ट्रैफिक एवं सुरक्षा योजना की भी समीक्षा की गई। इससे पहले जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर उन्हें कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
बदायूं में कांवड़ यात्रा के लिए महाकुंभ जैसी तैयारी:12 मोटरबोट और एसडीआरएफ तैनात, एडीजी-डीआईजी ने लिया जायजा