Ghaziabad Chemical Factory Fire | Hindon Vihar Smoke Cloud Visible

प्रथम चौधरी | गाजियाबाद4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित हिंडन विहार में गुरुवार को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री से उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री में केमिकल से संबंधित काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।

सूचना मिलते ही पहुंचीं दमकल की गाड़ियां

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों की भी व्यवस्था की गई, ताकि आग आसपास की इमारतों तक न फैल सके।

दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी।

केमिकल यूनिट होने से बढ़ी चुनौती

फैक्ट्री में केमिकल सामग्री होने के कारण आग बुझाने का काम चुनौतीपूर्ण रहा। दमकलकर्मी विशेष सावधानी बरतते हुए आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रहे हैं। आग से निकल रहा घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि केमिकल से जुड़े कार्य के दौरान आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

जनहानि की सूचना नहीं

राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन और दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *